
बलरामपुर: यूपी के बलरामपुर जिले में देर रात भीषण हादसा हो गया। यहां पर उतरौला बलरामपुर रोड पर दो बाइक की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हुई। इस हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान मोहम्मद फारूक (18), सलीम (18), गुफरान (17), तौफीक (19) और फजल मोहम्मद (23) के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल मुजम्मिल (22) और नाहिद रजा का इलाज कराया जा रहा है। ये सभी सभी छप्पर तलवा, गौरीवनडीह गांव के रहने वाले हैं। पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि दो बाइक पर युवक सवार थे। वह लोग उतरौला की तरफ जा रहे थे। घना कोहरा होने के कारण सड़क पर जा रहे किसी राहगीर को बचाने के चक्कर में दोनों बाइक की आमने सामने से टक्कर हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह सहित पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवकों को उतरौला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया। जबकि गम्भीर रूप से घायल दो युवकों का इलाज जारी है।



