उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

लखनऊ : सीएम योगी छठ पूजा के संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में हुए शामिल, व्रतियों पर की पुष्प वर्षा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोमती के तट पर आयोजित छठ पूजा के संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचीं महिलाओं और छठ व्रतियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और मेयर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद रहीं।

दरअसल, लखनऊ में गोमती तट पर स्थित लक्ष्मण मेला मैदान में हर साल की तरह संध्या अर्घ्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीएम योगी ने छठ व्रती माताओं-बहनों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया तथा अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की स्मारिका ‘सनेश’ का विमोचन किया। सीएम ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति, जल और भगवान सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। छठ भारत की सनातन सांस्कृतिक आत्मा का वह दिव्य प्रकाश है, जो हमें श्रद्धा, पवित्रता, आत्मशुद्धि और अनुशासन का पाठ पढ़ाता है।

इस अवसर पर गोमती उत्सव 2026 के समापन पर सीएम योगी ने कहा, “छठ महापर्व के अवसर पर हम सब लखनऊ की आत्मा कही जाने वाली पवित्र गोमती नदी के तट पर एकत्र हुए हैं। मैं पद्म पुरस्कार से सम्मानित स्वर्गीय शारदा सिन्हा जी की पावन स्मृति को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। छठ के गीतों को देश और दुनिया तक पहुंचाने वाली स्वर कोकिला स्वर्गीय शारदा सिन्हा जी के स्मरण के बिना हम इस पर्व को पूर्ण नहीं कर सकते।”

सीएम ने कहा, “छठ महापर्व भारत की सनातन सांस्कृतिक आत्मा का वह दिव्य प्रकाश है जो हमें श्रद्धा, पवित्रता, आत्मशुद्धि और कठोर अनुशासन का पाठ पढ़ाता है। पूरे प्रदेश में छठ महापर्व के दृष्टिगत घाटों की साफ-सफाई कराई गई है, अतिरिक्त घाटों का निर्माण कराया गया है और घाटों पर वेदियां बनाई गई हैं। यह सुनिश्चित किया गया है कि कहीं भी किसी प्रकार की समस्या न हो।”

Related Articles

Back to top button