उत्तर प्रदेशराजनीति

आजाद समाज पार्टी और AIMIM ने बनाया ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’, चंद्रशेखर आजाद होंगे सीएम चेहरा

लखनऊ : पिछले कुछ समय से लग रही अटकलों के बाद आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM ने गुरुवार को आखिरकार गठबंधन कर लिया। दोनों पार्टी के प्रमुख- चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन के नाम की घोषणा की। जिसे सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया गया है। ये पार्टियां विधानसभा चुनाव साथ में लड़ेंगी और चंद्रशेखर आजाद सीएम चेहरा होंगे।

असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM के साथ गठबंधन पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “जैसा कि यह तस्वीर आज आपके सामने है, इस तस्वीर का नाम है सामाजिक परिवर्तन मोर्चा। इसमें अभी प्रमुख रूप से दो दल हैं-एक आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और दूसरा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन। इस मंच पर हमारे वरिष्ठ नेतागण, AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, रामेश्वर पवन, डॉक्टर मसूद, हमारे प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत और यशवंत मौर्य , हम सब आपके सामने हैं…”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि यह (सामाजिक परिवर्तन मोर्चा) उत्तर प्रदेश में एक मजबूत विकल्प होगा, जो बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए काम करेगा। क्योंकि जिस समाज से हम आते हैं, जिस समाज से चंद्रशेखर आजाद आते हैं और पिछड़े समाज के जितने भी लोग हैं या जो लोग दबे-कुचले हैं, चाहे उनका ताल्लुक किसी भी जाति से हो, उन्हें सिर्फ वोटर के तौर पर इस्तेमाल किया गया है…मुझे यह कहते हुए बड़ी खुशी हो रही है कि इस SPM के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हमारे भाई चंद्रशेखर आजाद होंगे।”

ओवैसी ने कहा, “सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हमारे भाई चंद्रशेखर आजाद होंगे। हम सब मिलकर कोशिश करेंगे कि न सिर्फ यह गठबंधन कामयाब हो, बल्कि इसकी कामयाबी से उत्तर प्रदेश की जनता भी कामयाब हो। इसके बाद बदलाव की जो बात होगी, वह जनाब चंद्रशेखर आजाद साहब के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही होगी और उन तमाम चीजों को हम लोग पूरा करेंगे…”

Related Articles

Back to top button