उत्तर प्रदेश

यूपी में लगातार बेमौसम बारिश से धान की फसलों को नुकसान, आलू-सरसों और दलहन के खेतों में भरा पानी

UP Rain Damages Crops: पूर्वी यूपी और अवध के क्षेत्रों में 48 घंटे से हो रही लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण धान की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। कई जिलों में धान की फसलें गिर गईं हैं, जबकि अन्य फसलों की भारी नुकसान की आशंका है। इस बीच, शनिवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बलिया, गोंडा, बाराबंकी, मिर्जापुर सीतापुर, गोंडा, अयोध्या, चित्रकूट, गाजीपुर और वाराणसी समेत समेत कई जिलों में खेतों में खड़ी धान की तैयार फसल गिर गई हैं, जबकि चना, मटर, आलू, टमाटर और मिर्च की फसलों को भी भारी नुकसान की आशंका है। कई जगहों पर जलभराव और फसलों के सड़ने की समस्या पैदा हो गई है। जिससे किसानों की मेहनत बर्बाद होती दिख रही है। लेकिन, किसानों की समस्या अभी भी खत्म नहीं हुई है, क्योंकि अगले 24 घंटे तक आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में शनिवार सुबह से हल्की बारिश हो रही है।

यूपी के 21 जिलों में बारिश का अलर्ट

पूर्वी यूपी के मऊ, गाजीपुर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, सुल्तानपुर, बस्ती और सिद्धार्थ नगर में शनिवार को बारिश की संभावना जतायी गयी है। इसके साथ ही अमेठी, प्रतापगढ़, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में बदले मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 30 और 31 अक्टूबर के लिए तेज बारिश, अंधड़ और आकाशीय बिजली (वज्रपात) का अलर्ट जारी किया है।

Related Articles

Back to top button