
UP MLC Election Result : उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की 11 सीटों पर वोटिंग के दौरान खूब सियासी बवाल मचा था। अब मतगणना के दौरान भी ऐसा ही कुछ देखने को मिल रहा है। कल सुबह से शुरू ही मतगणना अभी तक पूरी नहीं हो पायी है। इस बीच, सपा ने मतगणना में देरी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, सात सीटों पर आए नतीजों में पांच पर भाजपा ने बाजी मारी है, जबकि दो पर सपा ने जीत दर्ज की। चार सीटों पर अभी नतीजे आने बाकी हैं।
भाजपा ने 5 सीटों-लखनऊ शिक्षक, मेरठ-सहारनपुर शिक्षक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक, मेरठ-सहारनपुर स्नातक और 1 अन्य सीट पर परचम लहराया है। आगरा में सपा के शिक्षक प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत हासिल की है, जो वोटिंग के दिन मीडिया के सामने भावुक हो गए थे और फूट-फूटकर रोने लगे थे। उन्होंने भाजपा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई थी कि उन्हें पाकिस्तान से आया आतंकवादी तक बताया जा सकता है। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की है। बाकी बची 4 सीटों पर मतगणना जारी है। बता दें कि इन 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल 152 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।



