
लखनऊ। बंगाल की खाड़ी में तेजी से सक्रिय हो रहे नए चक्रवात ‘अर्नब’ 28 अक्टूबर 2026 की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार करेगा। इससे पहले आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का दौर जारी है। इस बीच, चक्रवात का असर यूपी में देखने को मिल सकता है। प्रदेश में 28 और 29 अक्टूबर को तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को प्रयागराज, कौशाम्बी, चित्रकूट, गोरखपुर, अयोध्या, देवरिया, बलिया, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी समेत पूर्वांचल-अवध के क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। वहीं, किसानों को तैयार फसलों को काटकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, किसान गेहूं, सरसों, मसूर और मटर जैसी रबी फसलों की बुवाई करने की तैयारी कर रहे थे, उन्हें 28 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच बुवाई का कार्य रोक देने की सख्त सलाह दी गई है।
बिहार के कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड में भी बारिश की चेतावनी दी गयी है। कोलकाता समेत दक्षिण पश्चिम बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ लगातार बौछारें पड़ रही हैं। छत्तीसगढ़ के सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जैसे इलाकों में तेज बारिश की संभावना है।



