
आगरा: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल के कथित अनियमितताओं की शिकायत की थी। जिसके बाद आगरा जिले के खेरागढ़, सैंया और फतेहाबाद के एक-एक मतदान केंद्र पर दोबारा वोटिंग की संस्तुति प्रस्ताव बनाकर रिटर्निंग अधिकारी ने प्रस्ताव चुनाव आयोग को भेजा था। जिस पर आयोग ने दोबारा वोटिंग पर अंतिम आखिरी फैसला लिया है और अब तीनों बूथ पर दोबारा वोटिंग की तिथि जारी की है।
दरअसल, आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा के खंड शिक्षक प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया था कि खेरागढ़ के मतदान केंद्र संख्या-20 पर भाजपा प्रत्याशी के भतीजे ने बूथ पर कब्जा करके गडबडी की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भोजन के समय पीठासीन अधिकारी ने मतदान कक्ष बंद करके वोटर्स को बाहर कर दिया था। इसके साथ ही छाता के मतदान केंद्र संख्या-40 पर स्कूल प्रबंधकों को उठाए जाने और नगर निगम इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या-10 पर भी गड़बड़ी होने के आरोप लगाए। इसके अलावा, आगरा के सैंया और फतेहाबाद के बूथ शामिल थे. जहां पर दोबारा वोटिंग की मांग की गई थी।
शिकायत मिलने के बाद आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने जांच कराई और जिन तीन मतदेय स्थलों की संस्तति की है। उसमें खेरागढ़ तहसील परिसर, सैंया स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय और फतेहाबाद स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय मतदान केंद्र के एक एक बूथ शामिल हैं।
आगरा डीएम मनीष बंसल के अनुसार, चुनाव आयोग के निर्देश पर अब आगरा जिले में आगरा खंड शिक्षक के तीन बूथ पर दोबारा वोटिंग होगी। आयोग ने दोबारा वोटिंग के लिए सोमवार की तिथि की घोषित है और सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे।
इन बूथों पर होगी दोबारा वोटिंग
- मतदेय स्थल संख्या 20: तहसील परिसर, खेरागढ़, कक्ष संख्या-1
- मतदेय स्थल संख्या 21: क्षेत्र पंचायत कार्यालय, सैंया, कक्ष संख्या-1
- मतदेय स्थल संख्या 26: क्षेत्र पंचायत कार्यालय, फतेहाबाद, कक्ष संख्या-1



