
Kolkata Durga Pandal stampede: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां दुर्गा पूजा के दौरान चोरबगान पूजा पंडाल में भगदड़ मच गई। इस हादसे में 19 लोगों की जान चली गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे से हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिवारों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे से हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिवारों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 17, 2026
रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार शाम कोलकाता में बारिश के दौरान करीब 7:40 बजे गीरिश पार्क पुलिस स्टेशन के अंतर्गत चोरबगान इलाके में दुर्गा पूजा पंडाल का एक हिस्सा ढह गया। जिसके बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। हादसे में 19 लोगों की मौत और 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। मृतकों में 13 महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है।
राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये और सरकारी नौकरी देने तथा घायलों को 5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूजा पंडाल के आयोजकों समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार/हिरासत में ले लिया है।



