
लखनऊ। दिवाली से पहले योगी सरकार ने मिड डे मील बनाने वाले 3.50 लाख रसोइयों को बड़ा तोहफा दिया है। प्रदेश के प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में भोजन बनाने वाले इन रसोइयों का मानदेय 1000 रूपये बढ़ा दिया गया है। इनके खातों में दीवाली से पहले बढ़ा मानदेय भेजा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मिड डे मील प्राधिकरण के निदेशक प्रेम रंजन सिंह ने सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों व वित्त एवं लेखाधिकारियों को निर्देश जारी कर बढ़ा हुआ मानदेय रसोइयों के खातों में जल्द भेजने को कहा है। अब तक मिड डे मील बनाने वाले रसोइयों को अभी तक 2000 रुपये मासिक मानदेय दिया जाता था और रसोइयों की तरफ से सरकार से मानदेय बढ़ाने की मांग की जा रही थी।
22 अगस्त 2026 को कैबिनेट बाई सर्कुलेशन के जरिये सरकार ने रसोइयों के मानदेय को 1000 रुपये बढ़ाने की घोषणा की थी। अब 1000 रुपये की मानदेय में बढ़ोतरी से सरकारी खजाने पर हर माह करीब 35.35 करोड़ और सालाना 424 करोड़ रुपये अतिरिक्त भार आने का अनुमान है।
बता दें कि मिड डे मील के रसोइयों को पहले को पहले 1000 रुपये मासिक मानदेय पर नियुक्त किया गया था। इसके बाद साल 2019 में इसे बढ़ाकर 1500 रुपये कर दिया गया। फिर वर्ष 2022 में इसे 2000 रुपये किया गया और अब सरकार ने इसे बढ़ाकर 3000 कर दिया है।



