
वाराणसी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह में नगर निगम व जल निगम के स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने स्वच्छता मित्रों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें भोजन भी परोसा। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मियों का पैसा काटने वालों को सख्त हिदायत दी और कहा कि यूपी में अगर किसी ने सफाई कर्मियों का पैसा काटा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में सीएम योगी ने कहा कि स्वच्छता कर्मी नींव के पत्थर हैं, जो दिखते नहीं है, लेकिन इमारत इसी पर खड़ी होती है। सर्दी, गर्मी, बरसात, आंधी-तूफान, त्योहार में भी स्वच्छता मित्र सड़कों पर उतरकर समाज को स्वच्छ वातावरण देते हैं। पहले आपका माहौल उत्सवमय करते हैं और अंत में अपने बच्चों का त्योहार मनवाते हैं। कुछ लोग अपने कृत्यों व कारनामों से गंदगी फैलाते हैं, लेकिन बड़ा तबका अपने पुरुषार्थ व परिश्रम से आमजन को स्वच्छ वातावरण देता है। स्वच्छता कर्मियों के कारण ही प्रयागराज महाकुंभ स्वच्छ, दिव्य-भव्य हो पाया था। वहां 66 करोड़ श्रद्धालु आए और सभी ने स्वच्छता की प्रशंसा की।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से भारत ने स्वच्छता अभियान को दुनिया में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री की प्रेरणा आज दुनिया की लिए उदाहरण बनी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान से पहले हमारे गांवों और गलियों की स्थिति कितनी गंदी हुआ करती थी। लोग झाड़ू उठाने में संकोच करते थे और जो लोग सफाई करते थे उन्हें सम्मान भी नहीं मिलता था। उसने लोग काम भी करवाते थे और उनका पैसा भी काट दिया जाता था।”
सख्त हिदायत देते हुए सीएम योगी ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में हम लोगों ने तय किया है कि कोई भी व्यक्ति स्वच्छता कर्मियों का पैसा कटेगा तो हम बहुत कड़ी कार्रवाई कर देने उसके खिलाफ। उनके लिए अब उत्तर प्रदेश आउटसोर्स काम कर रहा है। इसके साथ ही न्यूनतम मानदेय की घोषणा भी कर दी है। 16000 न्यूनतम मानदेय उनको मिलना ही चाहिए। उन्हें ईएसआई (ESI) की सुविधा और सुरक्षा बीमा और स्वास्थ्य बीमा कवर भी मिलेगा।”



