मिर्जापुरराजनीति

पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने बनाई ‘जननीति भारत’ पार्टी, मिर्जापुर से लड़ेंगी चुनाव

मीरजापुर। पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने गुरुवार को अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर दिया है, जिसका नाम ‘जननीति भारत’ रखा गया है। इसके साथ ही उन्होंने मिर्जापुर से विधानसभा चुनाव लड़ने का भी ऐलान कर दिया है।

सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये अपनी पार्टी का ऐलान करते हुए दिव्या मित्तल ने कहा कि राजनीति आप पर राज करती है, लेकिन ये दल आपके राज के लिए बना है। पार्टी के तीन वचन बताते हुए कहा कि नई राजनीतिक पहल के तहत देश की नीतियों के केंद्र में आम लोगों को रखने पर जोर दिया गया है। नीतियां जनता की वास्तविक जरूरतों के आधार पर तय करने की बात कही गई है।

सिविल सर्विस छोड़कर राजनीति में कदम रखने वाली पूर्व IAS ने आगे कहा कि किसानों और छोटे व्यापारियों की समस्याओं का समाधान उनके अनुभवों और सुझावों के आधार पर तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही विकास कार्यों और प्रशासनिक फैसलों में जाति, धर्म या पहचान के बजाय लोगों की वास्तविक आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को भी प्रमुख मुद्दा बनाया गया है। स्थानीय स्तर पर होने वाले विकास कार्यों में जनता की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है, ताकि लोगों की जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाई जा सकें और उनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे।

बता दें कि 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद हाल में नौकरी छोड़ने का फैसला किया था। जिसके बाद उन्होंने राजनीति में आने का ऐलान किया। वे मिर्जापुर और देवरिया जैसे जिलों में जिलाधिकारी के पद पर तैनात रह चुकी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उनकी पहचान सख्त प्रशासनिक कार्यशैली और फैसलों को लेकर चर्चा में रहने वाली अधिकारी के रूप में बनी रही है। हालांकि, मिर्जापुर में तैनाती के दौरान विकास कार्यों को लेकर उनकी जनप्रतिनिधियों के साथ मतभेदों की चर्चाएं भी रहीं।

Related Articles

Back to top button