
लखनऊ। यूपी के 11 जिलों में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। विभाग ने 9 और 10 अक्टूबर के दौरान इन जिलों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया था। जिसमें यात्री सुरक्षा और UP में ट्रांसपोर्ट नियमों का उल्लंघन करनेवाले वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान 317 चालान किए गए और 107 बसों को सीज किया गया।
जानकारी के अनुसार, इन ज़िलों में NCR क्षेत्र के नौ ज़िले और आगरा डिवीज़न के दो ज़िले शामिल थे। इस अभियान का मकसद यात्री वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और UP में ट्रांसपोर्ट नियमों का ठीक से पालन करवाना था। अभियान के दौरान, उन बसों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की गई जो बस बॉडी कोड का उल्लंघन कर रही थीं, सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं कर रही थीं या परमिट की शर्तों के ख़िलाफ़ चल रही थीं।
ट्रांसपोर्ट कमिश्नर आशुतोष निरंजन ने बताया कि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण 111 वाहनों का चालान किया गया और 49 बसें ज़ब्त की गईं। इसके अलावा, तय परमिट शर्तों का उल्लंघन करके चल रही बसों के ख़िलाफ़ भी कार्रवाई की गई, जिसके तहत 206 वाहनों का चालान किया गया और 58 बसें ज़ब्त की गईं। इस दो दिन के अभियान के दौरान, 11 ज़िलों में कुल 317 चालान जारी किए गए और 107 बसें ज़ब्त की गईं।



