उत्तर प्रदेशबरेलीलखनऊस्वास्थ्य

आयुष्मान कार्ड जारी करने के मामले में बरेली सबसे आगे, स्वास्थ्य मंत्री ने किया सम्मानित

लखनऊ। आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के आठ साल पूरे होने पर ‘आयुष्मान संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बरेली को आयुष्मान योजना के तहत कार्ड जारी करने का अवॉर्ड मिला। बरेली की ओर से कार्यक्रम में मौजूद डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित और टीम के सदस्यों को डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अवॉर्ड देकर सम्मानित किया।

जानकारी के अनुसार, बरेली जिले ने एक विशेष अभियान के तहत प्रदेश में सबसे ज्यादा 2.59 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए हैं। जबकि जिले में अब तक कुल 14.74 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री से सम्मानित होने के बाद डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित ने इस सफलता को उनकी टीम के सामूहिक प्रयास का नतीजा बताया। इसके साथ ही बरेली में आयुष्मान योजना के तहत करीब 6.25 लाख लाभार्थियों का इलाज भी हुआ है, जो प्रदेश के किसी भी जिले के आंकड़े से ज्यादा है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कार्यक्रम की तस्वीरें शेयर करते हुए एक्स पोस्ट में कहा, “आज लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के सफलतम 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘आयुष्मान संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को हार्दिक बधाई दी एवं आयुष्मान भारत PM-JAY के तहत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य कवर दिए जाने वाली इस उत्कृष्ट योजना के लिए विशेष रूप से यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

उन्होंने आगे कहा, ‘आयुष्मान भारत’ मा० प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प को साकार करते हुए करोड़ों गरीब एवं वंचित परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच बना है।”

Related Articles

Back to top button