
झांसी। यूपी के झांसी में रविवार को दो बड़े हादसे सामने आए। जिनमें आठ लोगों की मौत हो गयी। इन लोगों की मौत दो अलग-अलग इलाकों में नदी में डूबने से हुई। पुलिस ने सभी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
झांसी के एसएसपी विकास कुमार ने कहा, “आज झांसी ज़िले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दुखद घटनाएं हुईं। बबीना थाना क्षेत्र में तीन युवकों के शव मिले, जो डूब गए थे… उनकी उम्र 20 से 27 साल के बीच थी। पानी में जाने से पहले उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल, मोबाइल फ़ोन और कपड़े किनारे पर रखे थे, जो पुलिस को मिल गए हैं। शुरुआती जांच में यह हादसा लग रहा है।”
दूसरी घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसएसपी ने कहा, “मऊरानीपुर थाना क्षेत्र की एक अलग घटना में पांच लोगों की मौत की खबर है… पांच लोग – एक ही परिवार के चार सदस्य और एक रिश्तेदार – नदी के किनारे गए थे। वहां एक लड़का नहा रहा था। नहाते समय वह नदी के बीच की तरफ चला गया, जहां अचानक गहराई बढ़ गई थी, और वह गहरे पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए बाकी लोग एक-एक करके पानी में उतरे। नतीजतन, वहां पांच लोग डूब गए।
उन्होंने कहा, “सभी शव बरामद कर लिए गए हैं और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हम अभी इन दोनों मामलों में कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।”



