
Delhi Slap Case : दिल्ली पुलिस ने आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक जरनैल सिंह और थप्पड़कांड के पीड़ित साहिब सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इन सभी पर एक हेड कांस्टेबल पर हमले का आरोप है। जिसके बाद मंत्री प्रवेश वर्मा के थप्पड़कांड मामले में एक नया मोड़ आ गया है।
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को एक बयान में कहा, “एक हेड कॉन्स्टेबल पर हमले के मामले में FIR दर्ज की गई है। FIR में सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के नाम शामिल हैं। साहिब सिंह के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है। अरविंद केजरीवाल कल तिलक नगर गए थे। दिल्ली पुलिस का हेड कॉन्स्टेबल सादे कपड़ों में वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। AAP समर्थकों की भीड़ ने उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया।”
पुलिस ने आगे बताया कि इसके बाद हेड कॉन्स्टेबल का मेडिकल टेस्ट कराया गया। सरकारी कर्मचारी को उसके काम में बाधा डालने और उस पर हमला करने से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद भाजपा और आप के बीच जुबानी जंग तेज होने के आसार है।


