उत्तर प्रदेशराजनीति

महर्षि वाल्मीकि की रामायण ने युगों तक समाज को दिशा दी : सीएम योगी

लखनऊ। ‘महर्षि वाल्मीकि की रामायण केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर नहीं, अपितु ज्ञान, मर्यादा और लोक-कल्याण की ऐसी परंपरा है, जिसने युगों तक समाज को दिशा दी है।’ ये बातें सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को महाकाव्य रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि के जयंती पर कही।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “आज का दिन उत्तर प्रदेश की उस यात्रा का प्रतीक है, जिसमें गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेकर भविष्य की नई संभावनाओं का निर्माण किया जा रहा है। एक ओर प्रदेश आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती मना रहा है, जिन्होंने रामायण के माध्यम से पीढ़ी-दर-पीढ़ी जनमानस को प्रभु श्री राम के जीवन चरित्र और रामराज्य के आदर्शों से परिचित कराया। वहीं दूसरी ओर, GCC Innovation Summit 2026 उत्तर प्रदेश को वैश्विक तकनीक, नवाचार और ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनाने की संभावनाओं को नई दिशा देने का अवसर प्रदान कर रहा है।”

सीएम ने आगे कहा, “महर्षि वाल्मीकि की रामायण केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर नहीं, अपितु ज्ञान, मर्यादा और लोक-कल्याण की ऐसी परंपरा है, जिसने युगों तक समाज को दिशा दी है। आज इसी ज्ञान-परंपरा को आधुनिक संदर्भ में आगे बढ़ाने का अवसर है, जहां विज्ञान और तकनीक युवाओं की प्रतिभा को नए अवसरों से जोड़ें एवं उनके सामर्थ्य को वैश्विक पहचान मिले।” पूर्व सपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने ने कहा, “वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में न विरासत का सम्मान था और न ही विज्ञान और विकास का स्थान। आत्ममुग्ध शासन में प्रदेश की संभावनाओं तथा औद्योगिक और तकनीकी क्षमताओं के अनुरूप निवेश व रोजगार के अवसरों का विस्तार एक बड़ी चुनौती था।”

सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा, “आज प्रदेश अपनी बेहतर होती कनेक्टिविटी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेशोन्मुख नीतियों के आधार पर नई संभावनाएं विकसित कर रहा है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत जहां GCC capital of the world के रूप में उभरा है, वहीं उत्तर प्रदेश अब भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम का हब बन रहा है।”

सीएम ने कहा, “महर्षि वाल्मीकि की ज्ञान-साधना ने भारतीय समाज को युगों तक दिशा दी, आज ज्ञान और नवाचार की शक्ति उत्तर प्रदेश के युवाओं के भविष्य को नई दिशा दे रही है। विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना इसी समन्वय में साकार होगी, जहां विरासत से संस्कार, शिक्षा से सामर्थ्य और तकनीक से समृद्धि के नए मार्ग प्रशस्त हों, जहां अपनी सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करते हुए प्रदेश, भारत की ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था में वैश्विक स्तर पर सशक्त भूमिका निभाए।”

बता दें कि सीएम योगी सोमवार को कानपुर नगर के बिठूर का दौरा करने वाले हैं। जहां महर्षि वाल्मीकि का आश्रम स्थित है। यहीं पर उन्होंने रामायण की रचना की थी और सीता माता ने यहीं शरण ली थी। सीएम बिल्हौर एवं बिठूर विधान सभा क्षेत्रों की ₹411 करोड़ से अधिक लागत की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

Related Articles

Back to top button