Highlightउत्तर प्रदेशखेल

रणजी ट्रॉफी 2026-27: यूपी के कप्तान रिंकू सिंह का लगातार दूसरा शतक, मुश्किल वक्त में खेली नाबाद पारी

कानपुर। बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी 2026-27 के एलीट ग्रुप के मुकाबले अलग-अलग शहरों में खेले जा रहे हैं। इस टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश की टीम की अगुवाई कर रहे स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह का बल्ला आग उगल रहा है। उन्होंने लगातार दो परियों में दो शतक जड़कर साबित कर दिया है कि वह रेड बॉल क्रिकेट के भी माहिर खिलाड़ी हैं।

गोवा के खिलाफ ‘वन मैन आर्मी’ बनें रिंकू सिंह

कानपुर के ग्रीन पार्क में खेले जा रहे इस मैच में उत्तर प्रदेश के कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन, टीम की बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। रिंकू जब बल्लेबाजी करने उतरे तो 33 रन के स्कोर पर टीम ने तीन विकेट गंवा दिये थे। इसके बाद उन्होंने किसी भी हाल में गोवा के गेंदबाजों का अपना विकेट न देने का फैसला किया। जबकि दूसरे छोर पर बल्लेबाज अपना विकेट गंवाकर पवेलियन लौटते रहे।

रिंकू ने अपना धैर्य नहीं खोया और टीम को 202 के स्कोर तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान रिंकू ने 186 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 118 रन की पारी खेली। इस पारी में 11 चौके और 2 छक्के भी शामिल रहे। इसके अलावा, माधव कौशिक ने 96 गेंदों में 45 रन की पारी खेली बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाये। गोवा के लिए यश कास्वंकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए।

बता दें कि रिंकू सिंह का रणजी ट्रॉफी में इस सीजन दूसरा शतक है। इससे पहले बिहार के खिलाफ रिंकू ने 8 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 112 रनों की शानदार पारी खेली थी। उस मैच में उत्तर प्रदेश ने एक पारी और 267 रनों से जीत दर्ज की थी।

पहले दिन का खेल खत्म

पहले दिन स्टंप की घोषणा तक गोवा की टीम ने 12 ओवर खेलकर बिना कोई विकेट गंवाए 43 रन बना लिए हैं। शिवेंद्र भुजबल 31 रन और सुयश प्रभुदेसाई 12 रन नाबाद लौटे। उत्तर प्रदेश की टीम पहली पारी में 159 रन आगे है। लेकिन, इस मैच को जीतने के लिए उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

Related Articles

Back to top button