
रिपोर्ट / श्रेयशी दीप
हाल ही में यूट्यूब शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में की गई विवादित टिप्पणियों के कारण होस्ट समय रैना और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ महाराष्ट्र और गुवाहाटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इस मामले पर बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा, “हमारी सनातन संस्कृति के खिलाफ जो भी खिलवाड़ कर रहे हैं, वे निश्चित रूप से निर्दयी और देशद्रोही हैं। इन पर सरकार कानूनी शिकंजा कस रही है। हमें इंतजार करना चाहिए कि व्यक्ति की तह क्या है, हकीकत क्या है, उसके बाद ही भरोसा करना चाहिए। हकीकत जानने के बाद ही भरोसा करना चाहिए। यह घोर निंदनीय है। लोगों से कहेंगे कि सबक सिखाना चाहिए कि इनको माफ नहीं, हृदय से साफ करना है।”
धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा कि जो भी वीडियो सामने आए हैं, वे बहुत ही निंदनीय हैं। ऐसी बातें कही गई हैं, जो कह पाना बहुत ही कठिन है। सुन पाना तो बहुत दूर की बात है। ऐसे लोगों को ऐसा सबक सिखाना चाहिए। इनका हृदय और मन से साफ कर देना चाहिए।
इस विवाद के चलते महाराष्ट्र साइबर विभाग ने शो के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गुवाहाटी पुलिस ने भी रणवीर इलाहाबादिया और चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साइबर पुलिस ने शो की एक अन्य सदस्य अपूर्वा मखीजा से भी पूछताछ की है।
रणवीर इलाहाबादिया ने इस मामले पर माफी मांगी है, लेकिन जनता का गुस्सा अभी भी शांत नहीं हुआ है। कई संगठनों और व्यक्तियों ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।