
रिपोर्ट / श्रेयशी दीप
उत्तर प्रदेश : दो दिनों के दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाम शहर के चार रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास, कचहरी बस स्टेशन के पास और झूलेलाल मंदिर के पास बने रैन बसेरों में पहुंचे और वहां ठहरे लोगों से बातचीत की और बुनियादी सुविधाओं की पड़ताल किए। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से जरूरतमंदों में कंबल और भोजन का वितरण किया।
कंबल वितरण के दौरान सीएम योगी ने सांसद रवि किशन की एक बार फिर चुटकी ली। जरूरतमंदों को कंबल बांटते हुए सीएम ने बगल में खड़े महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव से पूछा-अरे भाई रवि किशन कहां गए? तभी रवि किशन आ गए और मुख्यमंत्री ने उनके हाथ में कंबल पकड़ाते हुए कहा कि ये लो इसे बांटो। अरे कभी अच्छा काम भी कर लिया करो। इसपर वहां मौजूद सभी लोग खूब ठहाके लगाकर हंसने लगे।
रैन बसेरा और शेल्टर होम संचालित करने के लिए निर्देश जारी किए
उत्तर प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में रैन बसेरा और शेल्टर होम संचालित करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। ठंड के मौसम में सर्द रातों में कोई खुले में न सोए इसे लेकर नगर विकास विभाग की ओर से रैन बसेरा, शेल्टर संचालित होंगे। स्थानीय निकाय निदेशालय ने मिशन मोड पर रैन बसेरे और शेल्टर बनाने के लिए नगर आयुक्तों को निर्देश जारी किए हैं। अस्पतालों, रेलवे स्टेशन, मेडिकल कॉलेज, श्रमिकों के कार्यस्थलों और बाज़ारों के समीप रैन बसेरे बनाए जाएंगे।
रैन बसेरों को अधिकारियों द्वारा किया औचक निरीक्षण जाएगा। व्यापार संगठन, औद्योगिक संघ जैसे संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा कम्बल, पानी, प्रकाश व्यवस्था के लिए भी निर्देश जारी किए हैं।
अधिकारियों को निकायों में निराश्रित एवं दुर्बल वर्ग के आश्रयहीन व्यक्तियों के ठहरने, रुकने के लिए सुरक्षित स्थान प्रदान किए जाने के संबंध में विस्तृत दिशा निर्देश दिए हैं. निर्देशों में रैन बसेरों/शेल्टर होम्स के संचालन के विषय में कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है।
रैन बसेरा/शेल्टर होम्स में ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों, जिनके पास ठहरने की सुविधा नहीं है तथा विशेष रूप से जो चिकित्सा एवं रोजगार आदि के लिए बाहर से आए हैं, रहने की सुविधा दी जाए, जिससे उन्हें खुले में या सड़क या पटरियों पर न सोना पड़े। रैन बसेरा/शेल्टर होम्स में महिलाओं और पुरुषों के सोने व शौचालत आदि की व्यवस्था अलग-अलग की जाए।