उत्तर प्रदेश

कपलिंग टूटने से मालगाड़ी के 27 डिब्बे पटरी से उतरे

मथुरा दिल्ली के बीच तीन लाइनों पर रेल यातायात ठप

मथुरा : मथुरा जंक्शन पर बुधवार रात कोयला लदी मालगाड़ी के 27 डिब्बे पटरी से उतर गए। कपलिंग टूटने से वैगन एक दूसरे पर चढ़ गए और पलट गए। हादसे से डाउन और अप लाइनों पर कोयले का ढेर लग गया, जिससे रेल यातायात ठप हो गया। 12 ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है। हालांकि तमाम कोशिशों के बाद मथुरा-दिल्ली के बीच साढ़े दस बजे चौथी लाइन चालू कर दी गई। अन्य तीनों लाइनों पर रेल यातायात फिलहाल ठप है। रेलवे की राहत टीम और अधिकारीगण मौके पर मौजूद हैं। स्टेशन डायरेक्टर मथुरा जंक्शन एसके श्रीवास्तव ने हादसे की पुष्टि की है।

मालगाड़ी नंबर एसटीपीबी झारखंड से सूरतगढ़ थर्मल प्लांट के लिए कोयला लेकर जा रही थी। इस गाड़ी में 59 डिब्बे थे। बुधवार रात करीब 07ः54 बजे जब यह गाड़ी वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन से करीब 800 मीटर आगे निकली तो मथुरा में पिलर संख्या 1408/14 के पास मालगाड़ी के 59 में से 27 डिब्बे डिरेल हुए। मौके पर हाल यह था कि कई डिब्बे एक के ऊपर एक चढ़े हुए थे। गाड़ी के पटरी से उतरने से वहां तेज आवाज हुई। मालगाड़ी पटरी से पलटने की जानकारी मिलते ही रेलवे में हड़कंप मच गया। तुरंत ही राहत ट्रेन मौके की ओर रवाना कर दी गई। रेलवे के डीआरएम और स्टेशन डायरेक्टर मौके पर पहुंच गये। मौके पर देखा गया कि इंजन की कपलिंग टूटी हुई थी और उसके पीछे के करीब 27 डिब्बे पटरी से उतरे हुए थे।

 

Related Articles

Back to top button