
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन अनुसार, महाकुंभ मेले में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए ‘डिजिटल हाजिरी सिस्टम’ का विकास किया जाएगा जो फेशियल रिकग्नीशन बेस्ड मोबाइल ऐप के जरिए काम करेगा। इस ऐप को एंड्रॉयड व आईओएस फॉर्मेट पर कार्य करने के लिए विकसित किया जाएगा। यह योजना 8 महीने के प्रोजेक्ट पीरियड के लिए संचालित होगी, जिसके विकास के लिए प्रयागराज मेला प्राधिकरण की जरूरतों के हिसाब से उत्तर प्रदेश सिस्टम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीडेस्को) ने तैयारी शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने की दिशा में प्रयासरत योगी सरकार ने महाकुंभ मेला-2025 के आयोजन को लेकर विभिन्न प्रकार की तैयारियां तेज कर दी हैं। 14 जनवरी 2025 से शुरू होने वाले महाकुंभ मेले के आयोजन में अब 6 महीने का ही समय शेष रह गया है। विश्व भर से इस विराट आयोजन में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों की तैनाती होगी। ऐसे में, उनकी दैनिक उपस्थिति को सुनिश्चित करने और रियल टाइम एसेसमेंट करने के लिए योगी सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का सहारा लेने जा रही है।
यूपीडेस्को ने महाकुंभ मेला-2025 में सेवाएं देने वाले विभिन्न सरकारी महकमों के कर्मचारियों-अधिकारियों के रेगुलर अटेंडेंस के लिए एआई बेस्ड मोबाइल ऐप के विकास की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए शॉर्ट टर्म नोटिस यूपीडेस्को द्वारा जारी किया गया है। यूपीडेस्को में पहले से इंपैनल्ड कंपनियों को चयनित कार्यावंटन होगा, जिसके बाद उसे सिस्टम व ऐप के डेवलपमेंट, टेस्टिंग, ऑपरेशन व मेंटिनेंस प्रक्रिया को पूर्ण करना होगा। इस प्रक्रिया को चार चरणों में पूरा किया जाएगा। इस कार्य को पूरा करने के लिए 15 दिन का लक्ष्य रखा गया है।