अपराधउत्तर प्रदेशप्रयागराज

प्रयागराज रन-फॉर-यूनिटी में बेईमानी का आरोप : भीड़ ने भाजपा नेता को दौड़ाया, कुर्सियां तोड़ी और मंच से सर्टिफिकेट लूटे

प्रयागराज। स्वतंत्र भारत के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर रन-फॉर-यूनिटी के आयोजन के दौरान भीड़ ने जमकर तोड़-फोड़ की। इस दौरान लोगों ने कुर्सियां तोड़ी और सर्टिफिकेट भी लूट लिये। वहीं, आयोजक भाजपा नेता को अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा। इस दौरान भीड़ ने उन्हें पकड़ लिया। जिसके पुलिस किसी तरह भाजपा नेता को लोगों से बचाकर अपने साथ थाने ले गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर शनिवार सुबह मैराथन नैनी के अभिनंदन गेस्ट हाउस (मेवालाल की बगिया) से शुरू होकर सच्चा बाबा आश्रम (सेल्फी पॉइंट) तक होनी थी। मैराथन में विजेता को ₹11,000 और रनर-अप को ₹7,000 का इनाम दिया जाना था। जिसका आयोजन पूर्व राज्य मंत्री रामसेवक पटेल के बेटे और भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह पटेल करवा रहे थे। लेकिन, प्राइज वितरण के दौरान बवाल हो गया। लोगों ने गुस्से में कुर्सियां तोड़ डाली और मंच पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। यही नहीं प्रतिभागी एक-दूसरे से सर्टिफिकेट छीनने लगे।

आरोप है कि मैराथन की शुरुआत सुबह 7 बजे होनी थी। लेकिन, तय समय से आधे घंटे पहले ही इसे शुरू कर दिया गया। दावा यह भी किया जा रहा है कि मैराथन में ऐसे लोग भी पहुंच गए, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था। बिना किसी हरी झंडी और आधिकारिक ऐलान के मैराथन में अफरा-तफरी मच गई। लोग भागने लगे और कुछ लोगों ने तो बीच रास्ते में बाइक पर बैठकर मैराथन पूरी की। ये सब देखकर कई प्रतिभागी भड़क गये।

बताया जा रहा है कि जब सेल्फी पॉइंट पर बने मंच पर विजेता को सर्टिफिकेट बांटे जाने लगे तो कई प्रतिभागियों ने  आयोजक भाजपा नेता देवी सिंह पटेल को घेर लिया। लोगों ने बेईमानी का आरोप लगाते हुए दोबारा मैराथन कराने की मांग की। वहीं, मंच के नीचे कुछ प्रतिभागियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। ये सब देखकर देवी सिंह बचकर भागने लगे तो भीड़ ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। वहीं, पुलिस किसी तरह भीड़ से बचाकर भाजपा नेता को सरकारी जीप से नैनी थाने ले गई। वहां विजेता प्रतिभागियों को बुलाकर सम्मानित कराया गया और प्राइज मनी बांटी गई।

दावा यह भी किया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल से प्रतिभागियों ने मंच पर रखे सर्टिफिकेट लूट लिए और उनके लिए मारामारी करने लगे। एक-एक प्रतिभागी 10-10 सर्टिफिकेट उठा ले गया। फिलहाल, इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था समेत कई तरह के सवाल खड़े कर दिये हैं।

Related Articles

Back to top button