
वाराणसी। बुलेट ट्रेन का इंतजार कर रहे यूपी के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रदेश में जल्द बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट शुरू होगा। दिल्ली-वाराणसी-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी मिल गयीं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, पीएम मोदी ने नॉर्दर्न कॉरिडोर को मंजूरी दी। बुलेट ट्रेन दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या होते हुए वाराणसी पहुंचेगी।
जानकारी के अनुसार, बुलेट ट्रेन वाराणसी से आगे पटना होते हुए गुवाहाटी तक जाएगी। दिल्ली से आगरा का सफर सिर्फ 59 मिनट में होगा। दिल्ली से कानपुर 1 घंटे 45 मिनट और लखनऊ 2 घंटे 12 मिनट में पहुंच सकेंगे। दिल्ली से वाराणसी का सफर 3 घंटे 33 मिनट में पूरा होगा। वाराणसी से लखनऊ 1 घंटे 21 मिनट और पटना 1 घंटे में पहुंच सकेंगे।
फ्लाइट से सस्ती होगी बुलेट ट्रेन की टिकट
वाराणसी में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी और नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर अश्विनी वैष्णव ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन नेटवर्क के ‘नॉर्दर्न कॉरिडोर’ को मंजूरी दे दी है। यह दिल्ली से शुरू होकर आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ेगा, और आगे वाराणसी और पटना से होते हुए गुवाहाटी तक जाएगा।”
रेल मंत्री ने आगे कहा, “आने वाले वर्षों में जब यह नॉर्दर्न कॉरिडोर पूरा हो जाएगा, तो आप दिल्ली से आगरा तक का सफर सिर्फ 59 मिनट में तय कर सकेंगे; दिल्ली से कानपुर तक एक घंटे 45 मिनट में; दिल्ली से लखनऊ तक दो घंटे 12 मिनट में; दिल्ली से वाराणसी तक 3 घंटे 33 मिनट में और प्रयागराज तक 33 मिनट में पहुँच सकेंगे… कई लोग—खासकर विपक्ष के लोग—बार-बार यह गलतफहमी फैलाएंगे कि यह बुलेट ट्रेन सिर्फ अमीरों के लिए है… लेकिन इसका किराया बहुत किफायती होगा और फ्लाइट के टिकटों की तुलना में काफी कम होगा…”



