उत्तर प्रदेशराजनीति

यूपी के 5 जिलों में बनेंगे सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन, सीएम योगी ने योजना का किया शुभारंभ

लखनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ की शुरुआत की। 1,725 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस योजना का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण का विस्तार करना और उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। इस मौके पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं टूलकिट तथा युवाओं को जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए गए। साथ ही युवाओं के स्किलिंग एवं प्लेसमेंट को लेकर विभिन्न कंपनियों के साथ MoU भी किए गए।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “बिखरे हुए भारत को एक करने में ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल जी का योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। जो भी सरदार पटेल का अनुयायी है और उनके प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का भाव रखता है, उसका दायित्व है कि ऐसा कोई कार्य न हो, जिससे भारत की एकता व अखंडता को कोई चोट पहुंचे। भारत आज एक है, श्रेष्ठ है और सुरक्षित भी है। ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल जी के इस सपने को यदि किसी ने साकार किया है, तो वह हैं भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी।” उन्होंने कहा, “जनधन अकाउंट ने यह सुनिश्चित किया कि जनता के लिए भेजी जाने वाली धनराशि सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे। एक क्लिक करते ही करोड़ों लोगों के अकाउंट में पैसा पहुंच जाता है। यदि हमने किसी युवा के लिए ₹100 भेजे हैं, तो पूरे ₹100 उसके अकाउंट में पहुंचते हैं। इसमें कोई कट मनी नहीं होती है।”

‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ को लेकर सीएम योगी ने कहा, “यह योजना ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ ही युवाओं को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के मूल्यों से जोड़ने का माध्यम है। इसके माध्यम से युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।” उन्होंने कहा,”गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतम बुद्ध नगर सहित 05 स्थानों पर सरदार वल्लभभाई पटेल Skill Training and Employment Zone विकसित करने की कार्यवाही प्रारंभ की गई है। इन केंद्रों पर कोई भी युवा, चाहे उसने हाईस्कूल ही क्यों न पास किया हो, रोजगार की इच्छा लेकर आ सकता है। उसका पंजीकरण कर उसकी रुचि के अनुसार Skill Development की व्यवस्था की जाएगी और इसके बाद उसे Placement भी उपलब्ध कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button