
लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार को पार्किंग विवाद में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यहां पर सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके के ब्राह्मणी टोला में 65 वर्षीय शिवा तिवारी, 55 वर्षीय भाई शिवेंद्र तिवारी और बेटे सुयश तिवारी को गोली मारी गई। इस गोलीबारी में तीनों बुरी तरह घायल और बाद में तीनों की मौत हो गई। आरोपी मर्चेंट नेवी का कर्मचारी बताया जा रहा है। जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पड़ोसियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद गाड़ी खड़ी करने को लेकर कहासुनी से शुरू हुआ। तभी आरोपी ऋषभ शुक्ला ने अपने पड़ोसी शिवा तिवारी, शिवेंद्र तिवारी और श्रीश तिवारी को गोली मार दी। कथित तौर पर उसने इस दौरान करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग की गई। पड़ोसी का दावा है कि ऋषभ शुक्ला दिवाली से पहले बड़ा कांड करने की बात कह चुका था। उनकी किसी से भी नहीं बनती थी। शिवाजी तिवारी के बेटे सुयश की अगले महीने शादी होने वाली थी। घर में शादी की पूरी तैयारियां कर ली गई थीं। एक ही परिवार में तीन लोगों की हत्या से शादी वाले घर में मातम छा गया है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे IG तरुण गाबा ने बताया, “आज गोलीबारी की एक घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति ने तीन लोगों पर गोलियां चलाईं। पीड़ित – शिवा तिवारी, शिवेंद्र तिवारी और सुयश तिवारी – घायल हो गए थे और बाद में उनकी मौत हो गई। आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है। हम पीड़ितों के परिवार, अन्य लोगों से मिली जानकारी और फोरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से ऐसा लगता है कि यह विवाद गाड़ी पार्क करने को लेकर शुरू हुआ था… अब तक मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मर्चेंट नेवी में काम करता था; हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि या तो उसे नौकरी से निकाल दिया गया था या उसने खुद ही नौकरी छोड़ दी थी। बताया गया है कि वह मर्चेंट नेवी में नेविगेशन ऑफिसर के तौर पर काम करता था।



