
लखनऊ। राजधानी में तेजी से बढ़ते डेंगू (Dengue) मामलों ने लोगों के बीच चिंताएं पैदा कर दीं। पिछले 24 घंटों में नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद शहर में जनवरी से लेकर अब तक डेंगू के मामलों की कुल संख्या 511 हो गई है। जिससे विकसित कॉलोनियों से लेकर जलभराव वाले इलाकों तक में मच्छरों के पनपने की आशंका बढ़ गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, लखनऊ में रविवार को डेंगू के 13 नए मरीजों में से सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस आलमबाग और अलीगंज में मिले हैं। इंदिरानगर में 2 डेंगू और टुडियागंज, एनके रोड और रेड क्रॉस में एक-एक केस रिपोर्ट हुए है।स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जनवरी से लेकर अब तक राजधानी में नगर निगम के जोन-8 में डेंगू के सबसे ज्यादा 108 मरीज मिले है। इस जोन में आशियाना, LDA कॉलोनी, शारदानगर, बिजली पासी, विद्यावती और अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड जैसे इलाके शामिल है।
जोन-4 के अंतर्गत आने वाले चिनहट द्वितीय, शहीद भगत सिंह प्रथम, गोमतीनगर, खरगापुर-सरसवां और इस्माइलगंज जैसे इलाकों में 87 मरीज और जोन-3 के अलीगंज, केशवनगर, त्रिवेणीनगर, खदरा और फैजुल्लागंज में अब तक 60 मामले सामने आए हैं। फैजुल्लागंज में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे घटने लगा है। लेकिन, कई जगह नमी और जलभराव की स्थिति मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल हो सकती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीमें एंटी लार्वा का छिड़काव कर रही हैं और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
नगर निगम के जोन-6 में आने वाले ठाकुरगंज, चौक, बालागंज, हुसैनाबाद, मल्लाहीटोला, आलमनगर और सआदतगंज समेत इलाकों में डेंगू के 59 केस सामने आ चुके हैं। जोन-7 के अंतर्गत इंदिरानगर, विकासनगर, खुर्रमनगर, मल्हौर, भरवारा, कमता और पॉलीटेक्निक के आसपास 56 मामले सामने आए हैं। जोन एक में 28 और जोन दो में 30 मरीज मिले हैं। इनमें से कुछ लोग निजी अस्पतालों में इलाज करवा रहे हैं।



