
Lucknow Controversial Poster : दशहरे से पहले राजधानी लखनऊ में कई जगहों पर विवादित पोस्टर लगाए। इन पोस्टर में माफिया अतीक अहमद को रावण के रूप में दिखाया गया है, जबकि अन्य 9 सिर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत 9 जानी मानी हस्तियों का चेहरा है। इस पोस्टर के सामने आने के बाद सियासी घमासान मचना तय है।
लखनऊ के प्रमुखों चौराहों पर ये पोस्टर सनातन रक्षा संगठन की ओर से लगाया गया है। इन पोस्टर में दिवंगत बाहुबली नेता अतीक अहमद, राहुल गांधी और अखिलेश यादव के अलावा, सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान, भारत के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण, मुख्तार अंसारी, अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क, अमेरिकी सांसद इल्हान उमर, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे मोहम्मद युनूस और जॉर्ज सोरोस के चेहरे को रावण के बाकी सिर के रूप में दर्शाया गया है। इस पोस्टर के साथ लिखा है- ‘सनातन भारत के विरोधी रावण।’
संगठन का आरोप है कि पोस्टर में शामिल कुछ लोग भारत की राजनीतिक और सामाजिक व्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिशों से जुड़े रहे हैं। संगठन ने एलन मस्क के सोशल मीडिया पोस्ट, इल्हान उमर के भारत विरोधी बयानों और PoK के उनके दौरे का भी जिक्र किया है। इसके अलावा, मोहम्मद यूनुस के भारत के पूर्वोत्तर राज्यों पर आपत्तिजनक बयान और जॉर्ज सोरोस की ओर से कथित तौर पर भारत को अस्थिर करने की कोशिश करने का हवाला दिया है। वहीं, अखिलेश और प्रशांत भूषण पर देश का तख्त पलट की कोशिश करने वालों के साथ मंच साझा करने का आरोप लगाया है।



