
बलरामपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में बेकाबू कार की चपेट में आए लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹02-02 लाख व घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिला में शनिवार रात एक बेकाबू कार ने मां दुर्गा के पंडाल में बैठे 7 लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे पर संज्ञान लेते हुए सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “जनपद बलरामपुर में एक व्यक्तिगत कार्यक्रम के दौरान हुई दुर्घटना में लोगों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।”
जनपद बलरामपुर में एक व्यक्तिगत कार्यक्रम के दौरान हुई दुर्घटना में लोगों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद है।
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹02-02 लाख व घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 18, 2026
उन्होंने आगे कहा, “इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹02-02 लाख व घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
बता दें कि जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेलहा के चरनगहिया गांव में शनिवार रात को दुर्गा मंदिर के बाहर आरती समाप्त होने के बाद ग्रामीण टेंट में बैठकर प्रोजेक्टर पर वीडियो देख रहे थे। इस दौरान गौरा चौराहा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर टेंट में जा घुसी और सात लोग कार की चपेट में आ गए। जिनमें से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। दो गंभीर रूप से घायल लोगों को बहराइच रेफर किया गया।
मृतकों की पहचान पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) के रूप में हुई है। जबकि छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के शिकार सभी लोग चरनगहिया-बेलहा गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर कार को कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कार ड्राइवर के नशे में होने की आशंका जताई गई है।



