उत्तर प्रदेश

अखिलेश का पलटवार, बोले- मुख्यमंत्री जी ने ख़ुद स्वीकार कर लिया है कि उनके राज में पीडीए का उत्पीड़न रुकनेवाला नहीं

NDA vs PDA Debat: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ के ‘NDA 80 और पीडीए 20’ वाले बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने सीएम पर पीडीए को धमकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी ने ख़ुद स्वीकार कर लिया है कि उनके राज में पीडीए का उत्पीड़न रुकनेवाला नहीं।

दरअसल, सीएम योगी ने बुधवार को सेवा ज्योति यात्रा के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम में अपने संबोधन के आखिर में उत्तर प्रदेश के राज्यसभा चुनाव को विधानसभा चुनाव से जोड़ा था। उन्होंने कहा, “कल उत्तर प्रदेश के राज्यसभा के चुनाव ने बता दिया है कि विधानसभा का चुनाव परिणाम क्या होने जा रहा है।” इसके बाद उन्होंने कहा, “यह लड़ाई 80-20 की फिर आ गई है। 80 फीसदी एनडीए में और 20 फीसदी पीडीए में। पीडीए का क्या हाल होने वाला है, यह आपके सामने फिर आने वाला है।”

इस पर अखिलेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, मुख्यमंत्री जी ने अपने चिरपरिचित धमकी भरे अंदाज़ में ख़ुद स्वीकार कर लिया है कि उनके राज में पीडीए का उत्पीड़न रुकनेवाला नहीं है।मतलब ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ व ‘पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक-आधी आबादी-आदिवासी’ के साथ भाजपा सरकार का अत्याचार और अन्याय और बढ़नेवाला है। पीडीए को धमकी देती ‘5 सेकंड की ये स्वीकारोक्ति’ पीडीए का दमन करनेवाले भाजपाइयों को 5 दशक क्या 5 सदियों और 5 जन्मों तक सिर उठाकर आँख मिलाने लायक नहीं छोड़ेगी।

जब माननीय को सोते-जागते हर समय ‘पीडीए-ही-पीडीए’ दिखता है तो हमारी सलाह तो ये है कि वो क्यों ना 108 मनकों पर ‘पीडीए’ लिखवाकर, उसकी माला बनाकर ‘पीडीए का जाप’ करें, इससे कम-से-कम उनके कुछ पाप तो कम होंगे। सच तो ये है कि 2024 के चुनाव की हार की वजह से संतुलन बिगड़ गया है, इसीलिए ऐसे असंतुलित बयान आ रहे हैं। इनके पास क्या अपनी बात करने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। उपलब्धि के स्तर पर भाजपा दिवालिया है। जनता ‘चढ़ावा चोरों’ की बात सुनने के मूड में नहीं है!”

Related Articles

Back to top button