
रिपोर्ट / श्रेयशी दीप
आज महाकुंभ का 26वां दिन है। आज भी श्रद्धालु आस्था के साथ त्रिवेणी संगम में डुबकी लगा रहे हैं। महाकुंभ में हर रोज आम के साथ खास लोग पहुंच रहे हैं। सुबह 10 बजे से लेकर के अब तक करीब 42 लाख लोगों ने संगम में डुबकी लगाई है। ऐसे में संगम में 13 जनवरी से लेकर अब तक स्नानार्थियों की संख्या 40 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई है। अभी भी महाकुंभ को 19 दिन शेष हैं। माना जा रहा है कि कमसे कम 10 करोड़ और श्रद्धालुओं के संगम स्नान करने का अनुमान है। ऐसे में श्रद्धालुओं की कुल संख्या 50 करोड़ पार कर जाने का अनुमान है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज, 10 फरवरी 2025 को, प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले के दौरान त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया। इस दौरान उनका अलग रूप नजर आया। सफेद वस्त्र में उन्होंने संगम में डुबकी लगाई।
राष्ट्रपति मुर्मू ने संगम में डुबकी लगाने के बाद तत्पश्चात सूर्यदेव की आराधना करते नजर आई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा आरती की और पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात, उन्होंने अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन किया। राष्ट्रपति के इस दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान वह पूरी तरह भावनात्मक रूप से धर्म के प्रति समर्पित नजर आई। इसके साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने त्रिवेणी संगम पर प्रवासी पक्षियों को दाना खिलाया। इस दौरान सीएम योगी ने महाकुंभ की खास बातें राष्ट्रपति से चर्चा की। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं।
महाकुंभ 2025 में अब तक करोड़ों श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं, और राष्ट्रपति की उपस्थिति ने इस आयोजन के महत्व को और बढ़ा दिया है।