
रिपोर्टर / श्रेयशी दीप
इस साल लेजेंडरी एक्टर मिथुन चक्रवर्ती को इंडियन सिनेमा में उनके योगदान के लिए दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार (30 सितंबर) को यह घोषणा की।
70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स समारोह में दिया जाएगा सम्मान
एक्टर को ये अवॉर्ड 8 अक्टूबर 2024 को 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान प्रेजेंट किया जाएगा। मिथुन ने अपना फिल्मी करियर 1976 में [मृगया] से शुरू किया था। उन्होंने पहली ही फिल्म में नेशनल अवॉर्ड जीता था। मिथुन के फिल्मी करियर में सुनहरा समय 1982 में आई फिल्म डिस्को डांसर से मिला। यह हिंदी सिनेमा की 100 करोड़ कमाने वाली पहली फिल्म थी। मिथुन करीब 5 दशक के करियर में बांग्ला, हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, ओडिया और भोजपुरी की 350 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। 1982 में आई डिस्को डांसर से उन्हें पहचान मिली। वे अब तक 350 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्हें 3 बार नेशनल अवॉर्ड भी मिल चुका है। उन्हें जनवरी 2024 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
मिथुन हाईएक्ट पेड एक्टर्स में से एक थे, आखिरी हिंदी फिल्म कश्मीर फाइल्स
80-90 के दशक के बीच मिथुन भारत के हाईएस्ट पेड एक्टर्स में से एक रहे हैं। मिथुन चक्रवर्ती की आखिरी रिलीज हुई हिंदी फिल्म साल 2022 की द कश्मीर फाइल्स थी। इसके अलावा वे बंगाली फिल्म प्रजापति और काबुलीवाला में भी नजर आए।
मिथुन चक्रवर्ती की नेटवर्थ
आज मिथुन दा 347 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। जिसमें मुंबई, कोलकाता के बंगलों के अलावा ऊटी में एक फार्महाउस भी शामिल है। वो मोनार्क ग्रुप ऑफ होटल्स के CEO हैं। ऊटी में उनके होटल मोनार्क में 59 कमरे, चार लग्जरी सुइट्स, एक फिटनेस सेंटर और एक इनडोर स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं हैं।मिथुन के गाड़ियों के कलेक्शन में फोर्ड एंडेवर और टोयोटा फॉर्च्यूनर भी है, जिनकी कीमत 1 करोड़ से ज्यादा है। इसके अलावा उनके पास 1975 की विंटेज कार मर्सिडीज बेंज है, जिसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपए है।
पीएम मोदी ने दी बधाई
मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार मिलने के ऐलान के बाद पीएम मोदी ने भी उन्हें एक्स पर पोस्ट शेयर करके बधाई दी है। उन्होंने लिखा, ‘खुशी है कि मिथुन चक्रवर्ती को इंडियन सिनेमा में दिए गए योगदान के लिए दादा साहेब अवॉर्ड से सम्मानित किया जा रहा है। वह कल्चर आइकन हैं। उन्होंने अपनी शानदार परफॉर्मेंस कई जेनरेशन को प्रभावित किया है।’
अश्विनी वैष्णव ने ट्विटर यानी X पर ये जानकारी शेयर की है
एक्टर को ये अवॉर्ड 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स सेरेमनी के दौरान दिया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा कि दिग्गज एक्टर मिथुन दा को उनकी उल्लेखनीय सिनेमाई सफर और भारतीय सिनेमा में अद्भुत योगदान के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है।
सिनेमा में उनके शानदार योगदान के लिए पुरस्कार
उन्होंने लिखा है, ‘मिथुन दा की शानदार सिनेमाई जर्नी पीढ़ियों को प्रेरित करती है! यह घोषणा करते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि दादा साहब फाल्के चयन जूरी ने महान एक्टर मिथुन चक्रवर्ती जी को भारतीय सिनेमा में उनके शानदार योगदान के लिए पुरस्कार देने का फैसला किया है।’