उत्तर प्रदेश

बहराइच में आदमखोर छठा भेड़िया ड्रोन कैमरे में हुआ कैद

वन विभाग समेत ग्रामीणों ने रेस्क्यू के लिए बिछाया जाल

बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में आदमखोर भेड़ियों के आतंक से जल्द पूरी तरह से छुटाकरा मिलने वाला है। यहां पकड़े जा चुके भेड़ियों के दल का अंतिम और बेहद खूंखार भेड़िया ड्रोन कैमरे में कैद हुआ है। ड्रोन में आई भेड़िये की तस्वीराें के आधार पर वन विभाग की टीमों के साथ ग्रामीणों ने योजना बनाकर उसे रेस्क्यू किए जाने के लिए जगह-जगह जाल बिछाया है। बहराइच जिला बीते दो माह से आदमखोर भेड़ियों के आतंक का पर्याय बना हुआ है। यहां के कई गांवों में जंगलों से आए आदमखोर भेड़ियों के झुंड ने डेरा डाला और इंसानों, मवेशियों पर हमला करने लगा। लगातार हमलों को लेकर ग्रामीणों में भेड़ियों को लेकर दहशत फैल गई। भेड़ियों का आतंक बढ़ता देख शासन स्तर पर टीमों को लेकर आदमखोर भेड़ियों को पकड़ने के लिए वृहद सर्च आपरेशन चलाया गया। अभियान के तहत अब तक पांच आदमखोर भेड़ियों को रेस्क्यू किया जा चुका है लेकिन अभी भी भेड़ियों के झुंड का लंगड़ा मुखिया और बेहद खूंखार छठे भेड़िये को पकड़ा जाना शेष है।

वन विभाग द्वारा लगातार उसको पकड़ने के लिए सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। इस बीच आदमखोर भेड़िया लगातार कई मासूमों को अपने शिकार के लिए हमला कर चुका है। उसे पकड़ने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल वन विभाग के लिए सही साबित होने वाला है। सर्च आपरेशन में जुटी वन विभाग की टीम को ड्रोन से उसकी गन्ने के खेत और उसके आसपास बार-बार आने-जाने की हरकत मिली है। यह सफलता वन विभाग को उस वक्त मिली जब टीम छठे भेड़िये को पकड़ने के लिए ड्रोन कैमरे से महसी इलाके में सर्च आपरेशन कर रही थी। यह वही इलाका है जहां भेड़ियों का सबसे ज्यादा आतंक रहा है। इस क्षेत्र में ही आदमखोर भेड़ियों ने इंसानों पर हमले किए हैं। महसी इलाके में वन विभाग के ड्रोन कैमरे में कैद हुई छठे भेड़िये की तस्वीरों के बाद उसकी धरपकड़ के लिए आसपास जाल बिछाया गया है। इस बीच जिन-जिन जगहों से आदमखोर भेड़िए बार-बार आ-जा रहा है, वहां पर पिंजरे व जाल लगाए गए हैं ताकि उसे पकड़ा जा सके।

Related Articles

Back to top button