देश

डॉक्टरों पर यौन उत्पीड़न का झूठा आरोप लगवाते थे संदीप घोष

कोलकाता : आरजी कर मेडिकल कॉलेज में छात्रों के विरोध को दबाने के लिए उन पर झूठे यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए जाते थे। यह चौंकाने वाला खुलासा अब धीरे-धीरे सामने आ रहा है। 2021 में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न को रोकने के लिए आर जी कर मेडिकल कॉलेज में एक कमेटी बनाई गई थी। नियमों के अनुसार, इस कमेटी की अध्यक्षता महिला प्रोफेसर द्वारा की जानी थी, और प्रिंसिपल या उप-प्रिंसिपल इसमें शामिल नहीं हो सकते थे। लेकिन जब डॉ. संदीप घोष प्रिंसिपल बने, तो यह नियम तोड़ दिया गया। जनवरी 2022 में गठित इस कमेटी की अध्यक्षता पैथोलॉजी की प्रोफेसर डॉ. अंजलि बंद्योपाध्याय कर रही थीं, लेकिन 14 सदस्यीय इस कमेटी में डॉ. संदीप घोष का नाम भी पहले स्थान पर था। उप-प्रिंसिपल डॉ. संजय बशिष्ठ का नाम दूसरे स्थान पर था, और सातवें स्थान पर संदीप घोष की पत्नी डॉ. संगीता दास घोष का नाम था।

आरोप है कि इस कमेटी का इस्तेमाल ‘बेहतर’ और वसूली तथा भ्रष्टाचार को स्वीकार नहीं करने वाले छात्रों को झूठे यौन उत्पीड़न के आरोपों में फंसाने के लिए किया जाता था। उन्हें नोटिस भेजकर कमेटी के सामने पेश होने के लिए बुलाया जाता था और बार-बार पूछताछ की जाती थी। इस प्रक्रिया से परेशान होकर कई छात्रों ने या तो माफी मांगी या फिर कुछ विषयों में फेल कर दिए गए। डॉ. अंजलि बंद्योपाध्याय से इस मामले पर बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, अन्य लोगों ने खुलकर इस मुद्दे पर अपनी बातें रखी हैं। आरोप है कि जिन छात्रों के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए जाते थे, वे आरोप अक्सर प्रिंसिपल और उप-प्रिंसिपल के भरोसेमंद छात्राओं द्वारा लगाए जाते थे। आर जी कर कॉलेज के सूत्रों का कहना है कि इस ‘इंटरनल कम्प्लेन कमेटी’ के सामने झूठे आरोपों के समर्थन में कुछ हाउस स्टाफ और इंटर्न डॉक्टर जोरदार पैरवी करते थे। इनमें डॉ. आशिष पांडे, डॉ. सौरव माजी, और डॉ. प्रणय मैती जैसे तीसरे वर्ष के छात्र प्रमुख थे।

Related Articles

Back to top button