
हिजबुल्लाह ने इजराइल को दोषी ठहराया
बेरूत (लेबनान) : लेबनान पेजर विस्फोट दहल गया है। मंगलवार को हुए इन धमाकों में अब तक 11 लोगों की जान चली गई। आतंकी समूह हिजबुल्लाह के गुर्गों के हजारों पेजर एक साथ फट गए। द न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के अनुसार, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य मीडिया को बताया कि इन धमाकों में कम से कम 11 लोग मारे गए और 2,700 से अधिक घायल हुए। लेबनान के समाचार पत्र एल’ओरिएंट टुडे के अनुसार, अधिकतर पेजर विस्फोट बेरूत के दहिह, दक्षिणी लेबनान के टायर, नबातिह और मरजायून और बेका में हुए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, 2,750 लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें 200 की हालत गंभीर है। घायलों में हिजबुल्लाह के लड़ाके और चिकित्सक शामिल हैं। बताया गया है कि यह धमाके दोपहर 3:45 बजे के बाद से एक घंटे तक लगातार होते रहे। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, कुछ विस्फोट सुपर मार्केट जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी हुए।

ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इस घटना में लेबनान में ईरान के राजदूत मोजतबा अमानी भी घायल हुए हैं। आतंकवादी संगठन हिज्बुल्लाह ने पेजर विस्फोट के लिए इजराइल को दोषी ठहराया है। उल्लेखनीय है कुछ महीने पहले ही हिजबुल्लाह नेता हसन नसरुल्ला ने अपने लड़ाकों से स्मार्टफोन का इस्तेमाल न करने की अपील की थी। नसरुल्ला का कहना था कि इजराइल के पास स्मार्टफोन को हैक करने या उसमें से जानकारी निकालने की तकनीक है। समझा जा रहा है कि इस वजह से ही हिजबुल्लाह ने संचार माध्यम को बेहतर बनाने के लिए स्मार्टफोन की जगह पेजर का सहारा लिया और यही पेजर अनेक निर्दोषों की जान के दुश्मन बन गए। द न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के अनुसार, अमेरिकी और अन्य अधिकारियों के अनुसार, हिजबुल्लाह ने ताइवान की एक कंपनी से पेजर और बीपर्स मंगवाए थे। उनमें बहुत कम मात्रा में विस्फोटक लगाया गया। इन अधिकारियों के अनुसार, इजराइल ने मंगलवार को लेबनान में आयात किए गए ताइवान निर्मित पेजर के एक नए बैच के भीतर विस्फोटक सामग्री छुपाकर हिजबुल्लाह के खिलाफ अपना अभियान चलाया।

