
जम्मू : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के चत्तरु क्षेत्र में शुक्रवार देरशाम आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में सेना के दो जवानों ने सर्वोच्च बलिदान कर दिया। दो जवान घायल बताए जा रहे हैं। आतंकियों की धरपकड़ के लिए अभियान जारी है। सेना के एक अधिकारी के अनुसार, मुठभेड़ में चार जवान घायल हो गए थे। उन्हें फौरन अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान पूरी कोशिश के बावजूद दो जवानों को नहीं बचाया जा सका। इनके नाम नायब सूबेदार विपन कुमार व सिपाही अरविंद सिंह हैं।
बारामुला मुठभेड़ में आतंकवादी मारा गया
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के क्रेरी के चक टप्पर इलाके में शनिवार तड़के मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकवादी की पहचान नहीं हो पाई है। मुठभेड़ फिलहाल जारी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात पुलिस और सेना की एक संयुक्त टीम ने टप्पर इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था। सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम संदिग्ध स्थान की ओर बढ़ी तो छुपे हुए आतंकवादियों ने संयुक्त टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

