
कोलकाता : कोलकाता का आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल फिर सुर्खियों में आ गया है। यहां नदिया जिले के बीमार युवक की समुचित इलाज के अभाव में मौत हो गई। परिवार 24 वर्षीय नंद विश्वास की मौत से सदमे में है। पिता ज्योतिष विश्वास ने बताया कि नंद तीन दिनों से बुखार से जूझ रहा था। जब उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो सोमवार को उसे कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां आने पर नंद को तत्काल कुछ इलाज मिला और उसकी हालत में थोड़ा सुधार भी हुआ। पिता का आरोप है कि मंगलवार से न तो कोई डॉक्टर उसे देखने आया और न ही कोई नर्स। सैलाइन तक देना बंद कर दिया गया, जबकि प्रिस्क्रिप्शन में सैलाइन लिखी गई थी।
उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह नंद की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। उसका पेशाब और मल त्याग भी रुक गया। मुंह से झाग निकलने लगा। वह डॉक्टरों के पास जाकर मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन कोई भी उनकी मदद के लिए नहीं आया। काफी मिन्नत के बाद एक डॉक्टर पहुंचा और नंद को सीपीआर (छाती पर दबाव) देने लगे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने बताया कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।उल्लेखनीय है कि यह दर्दनाक वाकया तब सामने आया है जब आरजी कर अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल चल रही है। जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से वरिष्ठ डॉक्टरों पर अतिरिक्त काम का दबाव बढ़ गया है, हालांकि डॉक्टरों का दावा है कि अस्पताल में सेवाएं प्रभावित नहीं हुई हैं।

