
देश के वीर सैनिक भाईयों हेतु सीएमएस छात्राओं ने भेजी राखी
लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल की छात्राओं ने देश की सुरक्षा में तैनात वीर सैनिक भाईयों हेतु बड़े ही स्नेह व गर्व के साथ 15,000 राखियाँ भेजी हैं। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गांधी किंगडन, सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर प्रथम कैम्पस की प्रधानाचार्या जयश्री कृष्णन एवं सी.एम.एस. चौक कैम्पस की प्रधानाचार्या अदिति शर्मा के नेतृत्व में विद्यालय की 11 छात्राओं ने सी.एम.एस. के सभी 21 कैम्पस की छात्राओं का प्रतिनिधित्व करते हुए मेजर जनरल सलिल सेठ, जनरल ऑफीसर कमाडिंग इन चीफ, मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया, को सीमा पर तैनात जवानों तक पहुँचाने के लिए 15000 राखियाँ भेंट की। इस अवसर पर सीएमएस प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन, प्रधानाचार्या जयश्री कृष्णन व अदिति शर्मा एवं सीएमएस छात्राओं ने उपस्थित सैनिक भाइयों को राखी भी बाँधी।
इस अवसर पर सीएमएस प्रबन्धक प्रो.गीता गांधी किंगडन ने कहा कि रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर सीएमएस छात्राओं द्वारा प्रेषित ये राखियां देश के वीर जवानों के प्रति किशोर व युवा पीढ़ी का स्नेह व सम्मान है। मुझे प्रसन्नता है कि सी.एम.एस. छात्र-छात्राएं अपने सामाजिक कार्यो व दायित्वों के प्रति काफी सजग व संकल्पित हैं। सी.एम.एस. छात्राओं ने कहा कि देश की सुरक्षा में अपने घरों से दूर रह रहे वीर जवानों के लिए राखियां भेज कर हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। छात्राओं का कहना था कि आज अगर हम सब देशवासी अपने को सुरक्षित महसूस कर पाते हैं तो वह सिर्फ और सिर्फ सैनिक भाइयों की बहादुरी की वजह से है। हम इन सैनिक भाइयों से अपनी रक्षा की उम्मीद करते हैं, साथ ही उनकी दीर्घायु की कामना भी करते हैं।