देश

आज धूमधाम से निकलेगी भगवान महाकाल की सवारी

सवारी में 1500 डमरू वादक भस्म आरती की धुन पर देंगे प्रस्तुति, बनेगा रिकॉर्ड

उज्जैन : विश्वप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन में आज श्रावण-भादौ मास के तीसरे सोमवार को शाम चार बजे भगवान महाकाल की सवारी धूमधाम से नगर भ्रमण पर निकलेगी। इस दौरान भगवान तीन स्वरूपों में भक्तों को दर्शन देंगे। इस बार सवारी में उत्साह, उमंग और भक्ति का दृश्य और अधिक विहंगम होगा। सवारी में 1500 डमरू वादक भस्म आरती की धुन पर डमरू वादन कर विश्व कीर्तिमान रचेंगे। भोपाल और उज्जैन के डमरु वादक के दल द्वारा महाकाल लोक के शक्तिपथ और सवारी में विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। महाकालेश्वर मंदिर के प्रशासक एवं अपर कलेक्टर मृणाल मीना ने बताया कि आज शक्तिपथ पर डमरू बजाने का विश्व रिकॉर्ड बनेगा। इसमें करीब 1500 डमरू वादक शामिल होंगे और महाकाल मंदिर में होने वाली भस्म आरती की धुन पर डमरू, झांझ व ढोल पर तैयार की गई विशेष धुन पर दस मिनट की प्रस्तुति देंगे। विश्व रिकार्ड बनने के बाद गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम प्रमाण पत्र प्रदान करेगी। डमरू वादन की प्रस्तुति देने वालों में उज्जैन के करीब एक हजार और मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग भोपाल के करीब पांच सौ कलाकार शामिल रहेंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप बाबा महाकाल की सवारी में उत्साह और आकर्षण को और अधिक बढ़ाने के क्रम में जनजातीय कलाकारों की प्रस्तुति, 350 जवानों के पुलिस बैंड की प्रस्तुति के बाद अब बाबा महाकाल की सवारी में डमरू वादन का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनने जा रहा है। डमरू वादकों द्वारा महाकाल लोक के शक्तिपथ पर प्रातः 11 बजे विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक मृणाल मीना ने बताया कि सावन के तृतीय सोमवार को भगवान महाकाल सवारी के दौरान चंद्रमौलेश्वर के रूप में पालकी में, हाथी पर मनमहेश के रूप में और गरूड़ रथ पर शिव-तांडव रूप में विराजित होकर अपनी प्रजा का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकलेंगे।

Related Articles

Back to top button