
सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल को बनाया प्रदेश प्रभारी
जयपुर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष और सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राठौड़ को बधाई दी है। सोशल मीडिया एक्स पर मुख्यमंत्री शर्मा ने लिखा- भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ को भाजपा राजस्थान का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। निसंदेह, आपके ऊर्जावान नेतृत्व व कुशल मार्गदर्शन में भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ प्रदेश में सफ़लता के नवीन मानक स्थापित करेगी। मैं प्रभु श्रीरामजी से आपके उत्कृष्ट कार्यकाल हेतु मंगलमय कामना करता हूँ।
पाली जिले के रायपुर में जन्में मदन राठौड़ बेहर सरल और मिलनसार है। कार्यकर्ताओं में उनकी पकड़ है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। राजस्थान विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है। राठौड़ ओबीसी वर्ग से आते हैं। वे सुमेरपुर विधानसभा सीट से वर्ष 2003 से 2008 और वर्ष 2013 से 2018 तक विधायक रह चुके हैं। पिछली भाजपा सरकार में वे सरकारी उप मुख्य सचेतक बनाए गए थे। भाजपा संगठन में काम करने का राठौड़ को लंबा अनुभव है। वे चार बार भाजपा के पाली जिलाध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। विधान सभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था, बाद में राज्यसभा सांसद बनाया गया।

