
जबलपुर के बाद ग्वालियर, रीवा, सागर में भी होगी इंडस्ट्री कॉन्क्लेव
जबलपुर : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर को औद्योगिक विकास की असीम संभावनाओं वाला क्षेत्र बताते हुये कहा है कि यहां रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के आयोजन से प्रदेश में औद्योगिक विकास को लेकर एक अच्छा वातावरण बनेगा। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश औद्योगिक विकास की असमानताओं को दूर करने की है और इसी उद्देश्य से क्षेत्रीय स्तर पर रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव के आयोजन का निर्णय सरकार ने लिया है, ताकि औद्योगिक विकास की क्षेत्रीय संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा सके और विकास के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ भी मिले। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को जबलपुर प्रवास के दौरान यहां 20 जुलाई को आयोजित की जा रही रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तैयारियों की समीक्षा के लिए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में खजुराहो सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, जबलपुर सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील कुमार तिवारी इंदु, डॉ. अभिलाष पांडे, संतोष बरकड़े एवं नीरज सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा के नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, अखिलेश जैन, पूर्व मंत्री अंचल सोनकर एवं शरद जैन भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में जबलपुर को व्यापार और व्यवसाय की दृष्टि से समृद्ध क्षेत्र बताते हुये कहा कि जबलपुर में आयोजित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में निवेश के बड़े प्रस्तावों के साथ-साथ इस स्थानीय उद्योगों की कठिनाइयों और विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा की जायेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए कई बदलाव भी किये है। सरकार चाहती है कि प्रदेश में उपलब्ध कच्चा माल से उत्पाद तैयार करने की इकाईयां भी यहां लगे। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से नये उद्यमियों को भी अच्छा प्लेटफार्म उपलब्ध कराने की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने और बड़े निवेश लाने जबलपुर के बाद ग्वालियर, रीवा और सागर में भी रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जायेगी तथा भोपाल में इंटरनेशनल लेवल पर सर्किट का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आईटी सेक्टर और स्टार्टअप के साथ भी एक अलग कार्यक्रम आयोजित करने पर सरकार विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने बैठक में जबलपुर में आयोजित इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के लिए की गई तैयारियों की सराहना करते हुये कहा कि कॉन्क्लेव से निवेश के ठोस प्रस्ताव सामने आयेंगे और इस क्षेत्र के साथ- साथ प्रदेश के विकास को भी गति मिलेगी।

