
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार की शाम को आगरा मंडल के विधायकों के साथ समीक्षा बैठक की। जिसमें उन्होंने लोकसभा चुनाव के नतीजों पर विधायकों से फीडबैक लिया। कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और सोशल मीडिया पर आने वाली अफवाहों के प्रति सतर्क रहें। जनता से सतत संवाद रखें और उन्हें अफवाहों से दूर रहने के लिए जागरूक करने के साथ ही प्रेरित करते रहे। कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आगरा मंडल के विधायकों के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने विधायकों से लोकसभा चुनाव में उनके क्षेत्र से 2022 के मुकाबले मिले वोटों की जानकारी ली। जहां वोट कम मिले थे, उसका कारण जाना। उन्होंने विधायकों से पूरे मनोयोग से 2027 की तैयारियों में अभी से जुटने को कहा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें। लगातार जनता के बीच रहें। जनता के जो भी जायज काम हैं वह रूकने नहीं चाहिए। विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम व अफवाहों से खुद सतर्क रहते हुए जनता को भी जागरूक करते रहे। जनता से संपर्क, संवाद और समन्वय बनाएं। लगातार जनता के बीच रहें। इस मौके पर विधायकों ने कुछ अधिकारियों की कार्यशैली की शिकायत भी की। जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जो भी सरकार की मंशा के मुताबिक जनता से जुड़े कामों में लापरवाह रहेगा उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।
इस बैठक में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबीरानी मौर्य तथा चौधरी लक्ष्मी नारायण के साथ ही विधायकों में भगवान सिंह कुशवाहा, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, रानी पक्षालिका सिंह, छोटे लाल वर्मा, डा. जीएस धर्मेश, राजेश चौधरी, धर्मपाल सिंह आदि उपस्थित थे। बताया जाता है कि विधायकों में श्रीकांत शर्मा, मनीष असीजा, चौ. बाबूलाल बैठक में नहीं थे। मंत्री जयवीर सिंह भी किन्हीं कारणों से बैठक में नहीं पहुंच सके थे।