उत्तर प्रदेशलखनऊ

कुछ लोगों के निर्देश पर बनता है भाजपा सरकार का बजट : अखिलेश

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार का बजट सुझाव पर नहीं कुछ लोगों के निर्देश पर बनता है। आर्थिक नीतियों के मामले में भाजपा सरकार की भूमिका टाइपिस्ट से अधिक नहीं रही है। सरकार का बस स्टेनो बनकर रह जाना अच्छा नहीं। अखिलेश यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि प्री-बजट का दिखावा भी एक छलावा है। जहां मनमानी होती है वहां सलाह-मशवरे का नाटक करना जनता की आंख में धूल झोंकना है। सरकार में अधिकतर मंत्रालय ‘मन-त्रालय’ बनकर रह गये हैं। जब मंत्री ही नहीं बदले हैं तो बजट में बदलाव कैसे आएगा? आर्थिक बदहाली का ये दौर यूं ही जनता को परेशानी और महंगाई के दलदल में धकेलता रहेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नोटबंदी, जीएसटी, आम जनता पर ज़्यादा टैक्स और अमीर कंपनियों पर कम टैक्स की घातक आर्थिक नीतियों की वजह से देश में असंगठित-अनौपचारिक काम-धंधों की 63 लाख इकाइयां बंद हो गई हैं। इससे बेरोज़गारी भी रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई है। ऐसे हालातों में जब 10 दिन बाद बजट पेश होना है, सरकार क्या किसी का सुझाव लेगी और क्या पहले से तैयार बजट में कोई बदलाव करेगी? कोविड जैसी त्रासदी के बाद जो आर्थिक हालात पैदा हुए हैं, उनमें भी सुधार न होना भाजपा सरकार की आर्थिक बदइंतज़ामी की ही नाकामी है।

Related Articles

Back to top button