
दिल्ली : रिजल्ट से पहले चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई, क्या लगता है किसे मिलेगा सिंहासन? सिर्फ एक दिन का इंतजार बचा है। लोकसभा चुनाव के सातों चरणों के चुनाव हो गए है और रिजल्ट कल यानि 4 जून सामने आएगा। आपको बता दें की लोकसभा चुनाव की काउंटिंग से पहले चुनाव आयोग ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी। ऐसा पहली बार है जब आयोग ने वोटिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। 1952 से लेकर अबतक के किसी भी लोकसभा चुनाव के दौरान आयोग ने वोटिंग के बाद और रिजल्ट के पहले कभी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं बुलाई।
इससे पहले चुनाव आयोग ने 16 मार्च को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें लोकसभा, 4 राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था। वोटों की गिनती 4 जून को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इसमें लोकसभा और विधानसभा के हुए चुनावों के वोट एक साथ गिने जाएंगे। लोकसभा के चुनाव 19 अप्रैल से शुरू हुए थे और 1 जून 2024 को खत्म हो गए। 7 चरणों में चुनाव कराए गए थे। 2019 के लोकसभा चुनावों तक उप चुनाव आयुक्त प्रत्येक चरण के मतदान के बाद मीडिया ब्रीफिंग करते थे।
लेकिन अब यह प्रथा खत्म कर दी गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आज की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोग मतदान प्रतिशत से लेकर मतगणना तक की जानकारी शेयर कर सकता है। इस बार कुल 8360 उम्मीदवारों ने चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई है। लोकसभा चुनाव के नतीजे से पहले एग्जिट पोल्स में PM मोदी तीसरी बार हैट्रिक लगाते नजर आ रहे हैं। एक पोल में तो NDA 400 के पार तक पहुंच रही है। 13 एग्जिट पोल के पोल ऑफ पोल्स में NDA को 365 और INDIA को 145 सीटों का अनुमान है। अन्य को 32 सीटें मिल सकती हैं। इस बार भाजपा 2019 में मिली 303 सीटों का आंकड़ा पार कर सकती है।