
मौसम विभाग ने गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में आज चालीस से पचास किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान तथा बिजली चमकने के साथ मध्यम वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि देश के दक्षिणी क्षेत्रों और पूर्वी हिस्सों में जारी भीषण गर्मी की स्थिति में आज से कमी आएगी। इस क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक बादल गरजने के साथ वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी की स्थिति बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस महीने की दस तारीख तक तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, रायलसीमा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं तेज बारिश होने का भी अनुमान व्यक्त किया है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले सात दिनों तक चालीस किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बादल गरजने के साथ छिटपुट से हल्की वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में आज तक तथा गुजरात में अगले पांच दिनों तक उमस भरी गर्मी की स्थिति रहने का अनुमान व्यक्त किया है। पश्चिम राजस्थान को छोड़कर पश्चिमोत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। यहां का तापमान अगले तीन दिनों के दौरान दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में लगभग तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाये रहने का अनुमान व्यक्त किया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
ये भी पढ़िए – हार की हताशा से बौखलाई भाजपा-कांग्रेस