
बागपत : उत्तर प्रदेश दिवस के मौके पर बागपत लोकमंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। जिसमें बागपत सांसद सत्यपाल सिंह और सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बागपत सांसद सतपाल सिंह ने मंच से बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन गया है और उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल को प्रत्येक राज्य अपनाना चाहता है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ऊंचाइयों को छू रहा है।
वहीं उन्होंने 2024 के चुनाव पर बोलते हुए कहा कि 2024 में बीजेपी की जीत पक्की है जो दीवारों पर लिखी है, बस लोगों को इसे पढ़ने की जरूरत है। आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटों पर बीजेपी चुनाव जीतेगी। राम मंदिर के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा की प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरा देश राममय हो गया है।
बता दें कि बागपत जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में बागपत सांसद सतपाल सिंह पहुंचे थे। उत्तर प्रदेश दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भव्य आयोजन किया गया। जिसमें स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमो की सुंदर प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया, वहीं बच्चों ने योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ रहने के लिए जागरूक भी किया।