उत्तर प्रदेशराजनीति

केशव प्रसाद मौर्य पर अखिलेश ने ली चुटकी, बोले- PDA की जीत से ये भी अंदर ही अंदर हैं खुश

UP MLC Polls Result: यूपी विधान परिषद की 11 सीटों पर हुए चुनाव में मतगणना दूसरे दिन भी जारी है। अब तक नौ सीटों पर नतीजों में भाजपा ने छह और सपा ने तीन पर कब्जा जमाया है। लेकिन, पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में शिक्षक सीट पर सपा की जीत की ज्यादा चर्चा है। इस हार पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समीक्षा की बात कही है। जिसको लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन पर तंज कसा है।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बुधवार को मतगणना के बीच दावा किया कि MLC चुनाव में PDA की जीत से केशव प्रसाद मौर्य अंदर ही अंदर खुश हैं। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ” दरअसल पीडीए की जीत पर ये भी अंदर-ही-अंदर ख़ुश हैं, घर छोड़ देने से कोई पराया नहीं हो जाता है। अगर षडयंत्रकारी भाजपाइयों ने गोरखपुर में घोड़े की ढाई चाल न चली होती तो वहाँ भी बनारसवाला हाल होता। कुल मिलाकर तो गोरखपुर भी भाजपा नैतिक रूप से हार ही गई है। बनारस के अंतिम नतीजे आने तक हमारी अपने सभी कार्यकर्ताओं से ये अपील है कि : जब तक हाथ में जीत का प्रमाण नहीं, तब तक विश्राम नहीं।”

उन्होंने आगे कहा ,”एमएलसी चुनावों ने भाजपा का बोरिया बिस्तर बाँध दिया है। घोर बेईमानी और प्रशासनिक हेराफेरी के बावजूद भी भाजपा की दुर्गति कोई नहीं रोक पाया। जिन भ्रष्ट अधिकारियों ने भाजपा की चाकरी की है, उन सबको पीडीए सरकार आने पर जनता के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।”

बता दें कि अखिलेश यादव अक्सर केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ ‘स्टूल मंत्री’ शब्द इस्तेमाल करके तंज कसते रहे हैं। उन्होंने कई बार मौर्य को भाजपा में सम्मान न मिलने का दावा किया।

MLC चुनाव के नतीजों पर डिप्टी सीएम ने क्या कहा

बुधवार को मतगणना के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा, “एमएलसी चुनाव बहुत योग्य और शिक्षित लोगों के मताधिकार के आधार पर होता है। भाजपा ने अपना पिछला प्रदर्शन दोहराया है। हम लोग और अधिक सीटें जीतने की अपेक्षा कर रहे थे, लेकिन उतनी सीटें नहीं मिल पाई हैं। इसे भी देखेंगे कि समाजवादी पार्टी का खाता वहां कैसे खुल गया, जहां नहीं खुलना चाहिए था। इस पर विचार करेंगे और आगे जब चुनाव होंगे तो उनमें बीजेपी फिर से जीते, इसके लिए कोशिश करेंगे।”

Related Articles

Back to top button