
लखनऊ। आंध्र-प्रदेश के तट से टकराने के बाद चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ उत्तर-पश्चिम की ओर से तेजी से बढ़ रहा है। इसके यूपी में पहुंचने की संभावना के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट रहने और फील्ड में उतरने के निर्देश दिए हैं। ताकि लोगों के साथ-साथ फसलों और पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्ट्स के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से आंध्र-प्रदेश के साथ तमिलनाडु, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। वहीं, यूपी में भी चक्रवात को लेकर 29 से 31 अक्टूबर तक भारी बारिश, तेज हवा और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। जिसको देखते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। खराब मौसम में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कहा गया है।
बारिश और तेज हवाओं के पूर्वानुमान को लेकर प्रशासन सतर्क है। 28 से 31 अक्टूबर तक यूपी में बारिश और तेज हवाओं की आशंका है। ऐसे में राहत आयुक्त कार्यालय ने सतर्कता संबंधी एडवाइजरी जारी करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत-बचाव की तैयारियां दुरुस्त की जा रही हैं और अधिकारी मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।आंधी-तूफान के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गयी है।
किसानों की फसल और पशुधन की सुरक्षा के लिए सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। खराब मौसम में जनहानि रोकने के लिए प्रशासन को मुस्तैद रहने के निर्देश दिये गए हैं। इसके अलावा, मौसम के खराब होने से पहले तैयार हो चुकी खरीफ की फसलों को काटने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी जा रही है। वहीं, रबी की फसलों को 2 नवंबर के बाद बोने को कहा गया है।



